Tuesday, 26 July 2011

चीन: न चेहरा बदला न सोच

समय बदला। परिस्थितियाँ बदलीं। अन्तर्राष्ट्रीय राजनीति का रूप, स्वरूप और मानक भी बदले........। लेकिन तिब्बत के निर्वासित नेता  व आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा के प्रति चीन का नजरिया आज भी जस का तस है। पूर्वाग्रह और दुराग्रह से त्रस्त। एक पूरी की पूरी पीढ़ी बदल जाने के बाद भी लामा के प्रति निर्मित हो चुके चीन के विचारों में कोई बदलाव नहीं आया है। विश्व प्रसिद्ध दीवार की तरह चीन की यह उक्ति भी ‘जो लामा के साथ हैं, वो हमारे खिलाफ हैं’’ प्रसिद्ध हैं। उनकी दीवार और लामा के प्रति उनके विचार स्थायी हैं, स्थिर हैं। एक कमजोर, दुबले-पतले और वयोवृद्ध भगवांधारी संन्यासी से शक्तिशाली चीन इतना भय खाता है कि अनेक दफा तो उसके महाशक्ति होने पर भी सन्देह होने लगता है। कहा जाता है कि चीनी नेताओं को सपने में भी लामा दिखाई देते हैं........और वे तिब्बत! तिब्बत!! चिल्लाते हुए उठ खड़े होते हैं। हक्के-बक्के से सकपकाये हुए। चारों ओर भयभीत निगाहों से वस्तुस्थिति को परखकर साम्यवाद के कटोरे में पड़ी समाजवादी चाश्नी को चाट वे पुनः सोने का प्रयत्न करते हैं, लेकिन लामा की आहट उन्हें सोने नहीं देती......।
 लामा की यह आहट इस बार अमेरिका की तरफ से आई है। राष्ट्रपति बराक ओबामा ने दलाई लामा को अमेरिका यात्रा का निमंत्रण दिया तो चीन के पेट में मरोड़े उठने लगे। पहले चीन घिघियाया। फिर राष्ट्रीय हितों की दुहाई दी। लेकिन महाशक्ति के महानायक ओबामा अपने कद के अनुरूप अपनी बात पर अडिग रहकर आध्यात्मिक गुरु से मुलाकात की तो चीन ने सुर बदलते हुए अमेरिका के इस कृत्य को चीन के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप की संज्ञा दे डाली।
 चीन, तिब्बत से जुड़े मुद्दे को अपनी सम्प्रभुता और एकता से जुड़ा मुद्दा मानता है, जबकि दुनिया जानती है कि तिब्बत पर चीन का आधिपत्य पूर्ण रूप से अनाधिकृत है। तिब्बत पर चीन की हैसियत केवल एक अतिकर्मी राष्ट्र की है और अतिकर्मी राष्ट्र की कोई स्थायी सम्प्रभुता नहीं होती। अन्तर्राष्ट्रीय राजनीति शक्ति की राजनीति है। इस कठोर सच को चीन से बेहतर शायद ही कोई राष्ट्र समझता हो।
 चीनियों की यह स्वभावगत विशेषता है कि वे जिस क्षेत्र पर कब्जा करना चाहते हैं, पहले उसे विवादास्पद बताते हैं, फिर घुसपैठ के सहारे वातावरण बनाते हैं और अंत में सैनिक कार्यवाही के जरिये कब्जा जमाने का प्रयास करते हैं।
 भारत में अरुणाचल प्रदेश में चीन के तेवर पहले से कहीं ज्यादा आक्रामक दिखने लगे हैं। इस इलाके पर उसके दावे का आधार केवल इतना ही है कि चूँकि तिब्बत पर उसका कब्जा है, इसलिए तिब्बती संस्कृति से मेल खाता यह इलाका भी उसका है। दुर्भाग्य से हमारी कमजोर तिब्बत नीति के चलते अरुणाचल प्रदेश पर चीन का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। दलाई लामा की तो छोडि़ए, हमारे प्रधानमंत्री तक की अरुणाचल यात्रा को बीजिंग भारत-चीन संबंध को तनावग्रस्त करने वाली हरकत मानता है। साम्यवादी क्रांति के बाद के तीन दशकों में चीन ने राष्ट्रीय हितों की प्राप्ति हेतु उग्र एवं सैन्यवादी नीति का अनुसरण किया। उसने कोरिया युद्ध में भाग लिया, सैन्य शक्ति द्वारा तिब्बत का चीन में विलय किया, युद्ध द्वारा भारत की हजारों किलोमीटर भूमि पर अधिकार किया। सोवियत संघ (रूस) से सीमा संघर्ष हुआ। पंचशील की दुहाई देने वाला चीन समय-समय पर अपने पड़ोसी राज्यों की सीमाओं पर अपना दावा ठोकता रहा है। सीमा विवाद के चलते चीन का 1962 में भारत से, 1969 में सोवियत संघ से और 1979 में वियतनाम से युद्ध हुआ।
 ताजा विवाद में चीन ने अमेरिका पर आरोप लगाया है कि वह लामा का इस्तेमाल चीन के खिलाफ एक मोहरे के रूप में कर रहा है। हालांकि उसने कहा है कि जब तक तिब्बत में हालात स्थिर हैं, तब तक अमेरिका का यह मोहरा बेकार साबित होगा।
 चीनी नेताओं के बारे में मैं कहना चाहूंगा कि वे जितने जमीन के ऊपर हैं, उतने ही जमीन के अंदर हैं। विश्व जगत के सामने चीन सदैव यही प्रदर्शित करने की कोशिश करता है कि उसके अधीन चीन में आंतरिक स्थिरता और पूर्ण व्यवस्था का माहौल है। लेकिन अगले ही क्षण चीन के मुस्लिम बाहुल्य प्रान्त जिनजियांग की राजधानी उरूमकी में हुई अप्रत्याशित जातीय हिंसा चीन के बड़बोलेपन की कलई खोल देती है। जिस तरह तिब्बत को जोर-जबरिया चीन का हिस्सा बनाया गया, उसी तरह माओ की लाल सेना ने जिनजियांग को चीनी गणराज्य का अंग बनाया।
 चीन का यह दावा भी हवा-हवाई साबित हुआ कि उसने अपने प्रति तिब्बतियों के विरोध को शांत कर दिया है। वर्ष 2008 में ल्हासा विद्रोह ने तो तिब्बत में राजनीतिक स्थिरता को लेकर चीनियों के दिमाग में आशंका के नये बीज बो दिये थे।
 सच तो यह है कि विस्तारवादी मानसिकता और अतिप्रतिक्रियावादी चीनी न किसी का हुआ है, न किसी का हो सकता है। उसके लिए अपने हित प्रथम हैं, शेष विश्व जगत गौण। तभी तो दलाई लामा जैसे मानवतावादी और स्वतंत्रता प्रेमी उसे शांति के पुजारी की बजाय संन्यासी के रूप में भेडि़या और देशद्रोही नजर आते हैं।

2 comments:

  1. अन्तर्राष्ट्रीय राजनीति की कड़वी सचाई !

    ReplyDelete
  2. कड़वी तो दवाई भी होती है पर बीमारी में आवश्यक होती है सो आपके ये विचार भी उचित प्रतीत होते हैं इन से कुछ बीमारी का निदान होगा।

    ReplyDelete